-राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों को भरने के लिए नियमों में दी ढील
-चिकित्सा शिक्षा निदेशक के पद पर संवर्ग के बाहर से भी नियुक्ति का रास्ता साफ
राज्य सरकार ने झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने ‘झारखंड चिकित्सा शिक्षा सेवा (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवाशर्त) नियमावली-2025’ में महत्वपूर्ण संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस नए प्रावधान के तहत अब मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट तीन वर्ष की कुल अवधि में से महज एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर ही सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पद पर नियुक्त या प्रतिनियुक्त होने के पात्र हो जाएंगे।

पूर्व के नियमों के अनुसार, एक वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सीनियर रेजिडेंट को केवल सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में ही नियुक्त किए जाने का प्रावधान था। लेकिन, ताजा संशोधन के बाद उनके लिए करियर के नए द्वार खुल गए हैं। अब वे सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक बनने के साथ-साथ राज्य के मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे सकेंगे। यह नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति स्वीकृत पदों के विरुद्ध निर्धारित पात्रता, प्रक्रिया और नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के मानकों के आधार पर की जाएगी। सरकार ने यह बदलाव मुख्य रूप से मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने के उद्देश्य से किया है।
इसके अतिरिक्त, संशोधित नियमावली में ‘निदेशक, चिकित्सा शिक्षा’ के शीर्ष पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया को भी स्पष्ट और लचीला बनाया गया है। अब इस पद पर नियुक्ति मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों, उप निदेशकों या प्राध्यापकों के बीच से वरीयता-सह-योग्यता के आधार पर की जाएगी। हालांकि, सरकार ने अपने पास यह विशेष विकल्प भी सुरक्षित रखा है कि वह संवर्ग के बाहर के किसी योग्य व्यक्ति को भी इस पद पर नियुक्त कर सकेगी, बशर्ते वह राज्य सरकार और एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी वांछित योग्यताओं को पूरा करता हो। कार्मिक विभाग द्वारा गठित प्रोन्नति समिति की अनुशंसा पर होने वाली यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए होगी। संबंधित अधिकारी के कार्य प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर राज्य सरकार इस कार्यकाल को अगले तीन वर्षों के लिए विस्तारित भी कर सकेगी।


