-कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
-42 खिलाड़ियों के दस्तावेज जांच के लिए भेजे गये थे
-44 खिलाड़ियों की चेकलिस्ट में 17 के चयन का कारण तक दर्ज नहीं
-खेल विभाग को तो जानकारी है ही, जेएससीए को भी जांच रिपोर्ट की प्रति सौंपी गयी है
झारखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर देने के दावों के बीच कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट 2024-25 के लिए खिलाड़ियों के चयन में कथित अनियमितता की शिकायत की जांच में ऐसे तथ्य सामने आये हैं, पर हैरानी की बात यह है कि दस्तावेज और नियमों से खिलवाड़ उजागर होने के बावजूद जिम्मेदार चुप्पी साधे बैठे हैं। आज तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई।

एसडीएम की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उजागर हुई प्रमुख खामियों की व्यवस्थित सूची नीचे दी गई है:
-अधूरी और अधर में लटकी जांच प्रक्रिया: जांच कमेटी को 42 खिलाड़ियों के दस्तावेज तो मिले (जो जेएससीए, रांची भेजे गए थे), लेकिन उनके सत्यापन के लिए मांगी गई मूल चेकलिस्ट उपलब्ध नहीं कराई गई।
-44 खिलाड़ियों की सूची में दोहरा मापदंड (1 से 27 बनाम 28 से 44): केडीसीए द्वारा जेएससीए को भेजी गई 44 खिलाड़ियों की चेकलिस्ट में स्पष्ट भेदभाव देखा गया:
-क्रम संख्या 1 से 27: इन खिलाड़ियों की जन्मतिथि और चयन के कारण वाले कॉलम में स्पष्ट जानकारी दर्ज थी।
-क्रम संख्या 28 से 44: इन 17 खिलाड़ियों के मामले में न तो जन्मतिथि दर्ज थी और न ही चयन का कोई स्पष्ट कारण लिखा गया था।
-दस्तावेज जमा करने की पावती (रसीद) का अभाव: आवेदन और मूल दस्तावेज जमा करने वाले खिलाड़ियों को संघ की ओर से कोई आधिकारिक रसीद या पावती नहीं दी गई।
-चेकलिस्ट में मनमाना फेरबदल: पारदर्शिता के नियमों को दरकिनार करते हुए बिना किसी पूर्व सूचना के डॉक्यूमेंट चेकलिस्ट में मनचाहा बदलाव किया गया।
तीन सदस्यीय टीम ने की थी जांचः
मामले में प्राप्त शिकायत के आलोक में उपायुक्त, कोडरमा के आदेश ज्ञापांक 157/गो., दिनांक 22 अप्रैल 2025 के तहत जांच दल गठित किया गया था। इसमें अनुमंडल पदाधिकारी, कोडरमा, जिला खेल पदाधिकारी और सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को शामिल किया गया था। जांच दल ने 28 अप्रैल 2025 को सुबह 11 बजे अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में शिकायतकर्ता पक्ष और केडीसीए के सचिव को बुलाकर उनका पक्ष सुना। इसके बाद उपलब्ध दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच प्रतिवेदन तैयार किया गया। जांच समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में सारी खामियों को उजागर कर इसकी जानकारी जेएससीए को भी सौंप दी हैः
42 खिलाड़ियों के दस्तावेजों का हिसाब नहीं मिलाः
जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि केडीसीए के सचिव ने 4 जनवरी 2025 को जेएससीए, रांची को 42 खिलाड़ियों से संबंधित दस्तावेज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजे थे। लेकिन जांच दल के समक्ष इन दस्तावेजों की चेकलिस्ट उपलब्ध नहीं करायी गयी। रिपोर्ट के अनुसार, इससे खिलाड़ियों के सत्यापन के लिए भेजे गये दस्तावेजों में अनियमितता की आशंका सामने आयी। साथ ही खिलाड़ियों को दस्तावेज जमा करने के संबंध में किसी प्रकार की पावती दिये जाने का भी प्रमाण नहीं मिला।
44 खिलाड़ियों की सूची में 17 के चयन का आधार गायबः
जांच रिपोर्ट के साथ संलग्न जेएससीए अंडर-16 ब्वॉयज डॉक्यूमेंट चेकलिस्ट में कुल 44 खिलाड़ियों के नाम दर्ज हैं। जांच दल ने पाया कि क्रम संख्या 01 से 27 तक खिलाड़ियों की जन्मतिथि और चयन संबंधी कारण स्पष्ट रूप से अंकित थे। वहीं, क्रम संख्या 28 से 44 तक के खिलाड़ियों की जन्मतिथि दर्ज नहीं थी और चयन का स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया था। इस संबंध में केडीसीए सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जांच दल को संतोषजनक जवाब नहीं मिला। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कुछ खिलाड़ियों के दस्तावेज जेएससीए, रांची को भेजे ही नहीं गये थे।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर भी सवालः
जांच प्रतिवेदन में टूर्नामेंट के आयोजन और चयन प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाये गये हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट 2024-25 के आयोजन के किसी भी चरण में पारदर्शिता नहीं बरती गयी। प्रतियोगिता से संबंधित किसी प्रकार का विज्ञापन समाचार पत्रों में प्रकाशित नहीं कराया गया। जांच में इसे निर्धारित प्रक्रिया और पारदर्शिता के लिहाज से गंभीर कमी माना गया।
जेएससीए को भेजे गये दस्तावेज वापस करने का भी जिक्रः
जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि 26 मार्च 2025 को जब खिलाड़ियों को जिला स्तर पर बुलाया गया, तब कुछ खिलाड़ियों के दस्तावेज वापस कर दिये गये। इसके बाद 3 अप्रैल 2025 को जेएससीए के ई-मेल के माध्यम से शिकायत दर्ज करायी गयी। जांच रिपोर्ट में इस पूरे घटनाक्रम और दस्तावेजों के आदान-प्रदान को भी दर्ज किया गया है।
जांच रिपोर्ट को डीसी ने खेल विभाग के अलावा जेएससीए को सौंप दी हैः
अनुमंडल पदाधिकारी ने 2 मई 2025 को पत्रांक 441/गो. के माध्यम से संयुक्त जांच प्रतिवेदन उपायुक्त, कोडरमा को सौंपा। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय ने 6 मई 2025 को पत्रांक 114/खेल के माध्यम से जांच रिपोर्ट खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड, रांची को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी। पत्र की प्रतिलिपि झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव/अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी थी। पर अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
चेकलिस्ट में मनचाहा फेरबदल का आरोपः
कोडरमा जिला क्रिकेट संघ (KDCA) की कार्यप्रणाली पर खिलाड़ियों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संघ द्वारा दस्तावेज जमा करने वाले खिलाड़ियों को कोई आधिकारिक पावती (रसीद) नहीं दी गई है, जिससे अपने कागजात सुरक्षित रहने को लेकर खिलाड़ियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। खिलाड़ियों का यह भी आरोप है कि संघ ने बिना किसी पूर्व सूचना के डॉक्यूमेंट चेकलिस्ट में मनचाहा फेरबदल किया है। इस मनमानी से कई योग्य खिलाड़ी चयन प्रक्रिया से बाहर होने की कगार पर हैं। प्रभावित खिलाड़ियों ने पारदर्शिता बनाए रखने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


