-डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने की दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग
-प्रवेश द्वारों पर सघन जांच के साथ सुगम यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन को शांतिपूर्ण, भव्य और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक की विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई, जिसमें उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सामूहिक जिम्मेदारी और बुनियादी सुविधाओं पर जोर:
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि इस भव्य राजकीय समारोह का सफल आयोजन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट, स्पष्ट साइनेज, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही प्लेकार्ड डिस्प्ले के जरिए लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने का निर्देश दिया।
प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और कड़ी सुरक्षा:
एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि समारोह स्थल के भीतर किसी भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक वस्तु को ले जाने की अनुमति न दी जाए। सभी प्रवेश द्वारों पर फ्रिस्किंग और जांच की पुख्ता व्यवस्था रहेगी, जिस पर पुलिस पदाधिकारी लगातार नजर रखेंगे।
सुगम यातायात और शालीन व्यवहार का निर्देश:
समारोह में आने वाले अतिथियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। वाहनों के सुचारू आवागमन और पार्किंग को व्यवस्थित रखने के साथ ही अधिकारियों को सभी आगंतुकों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी गई है।


