केंद्रीय गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की बड़ी पहल
मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) से पीड़ित कर सकेंगे ठगी की होल्ड राशि वापसी का ऑनलाइन दावा
ग्रिवांस रिड्रेसल मॉड्यूल (GRM) से बेगुनाह खाताधारकों को फ्रीज खातों से मिलेगी राहत
रांची। साइबर ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ितों की सबसे बड़ी चिंता खाते से निकली रकम को वापस पाने की होती है। कई बार पुलिस और साइबर सेल की तत्परता से ठगों के बैंक खातों में रकम होल्ड तो करा दी जाती है, लेकिन आगे की प्रक्रिया की जानकारी न होने से लोग महीनों भटकते रहते हैं। दूसरी ओर, साइबर अपराधियों से जुड़े लेनदेन की जांच के दायरे में आने से कई निर्दोष लोगों के बैंक खाते भी फ्रीज हो जाते हैं, जिससे वे अपना ही पैसा नहीं निकाल पाते। झारखंड जैसे राज्य में, जहां साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है, आम लोगों को इस दोहरी समस्या से राहत देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने दो नई ऑनलाइन व्यवस्थाएं- मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) और ग्रिवांस रिड्रेसल मॉड्यूल (GRM) शुरू की हैं।

ठगी की होल्ड रकम वापस पाने के लिए MRM की प्रक्रिया
जिन पीड़ितों की शिकायत पर ठगी की राशि किसी लाभार्थी के बैंक खाते में होल्ड कर ली गई है और वह वापसी के योग्य पाई गई है, वे MRM के जरिए ऑनलाइन दावा कर सकते हैं:
SMS या ईमेल की प्रतीक्षा: सबसे पहले पीड़ित को मोबाइल या ईमेल पर सूचना मिलेगी कि उनकी शिकायत से जुड़ी कुछ राशि वापसी के लिए चिह्नित की गई है।
NCRP नंबर और OTP: शिकायत दर्ज कराते समय मिला 14 अंकों का NCRP पावती नंबर तैयार रखें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा।
MRM पोर्टल पर लॉगिन: NCRP नंबर और OTP की मदद से MRM पोर्टल पर लॉगिन कर शिकायत, बैंक खाते और चिह्नित राशि का विवरण जांचें।
पैन कार्ड और बैंक विवरण: लॉगिन के बाद अपना पैन कार्ड अपलोड करें और जिस खाते में पैसा वापस चाहिए, उसका सही विवरण भरकर सबमिट करें।
URN नंबर संभालें: आवेदन जमा होते ही एक यूनिक रिक्वेस्ट नंबर (URN) जारी होगा, जिससे आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी।
क्षतिपूर्ति बांड (Indemnity Bond): ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित पुलिस के समक्ष क्षतिपूर्ति बांड जमा करना होगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर राशि खाते में वापस आ जाएगी। (नोट: केवल शिकायत करने से पैसा वापस नहीं मिलता, राशि का होल्ड होना और वापसी योग्य पाया जाना अनिवार्य है।)
बेगुनाह का बैंक खाता फ्रीज हो जाए तो GRM से पाएं राहत
यदि साइबर अपराध से कोई संबंध न होने के बावजूद किसी वास्तविक खाताधारक का बैंक खाता फ्रीज हो गया है, तो वह GRM के माध्यम से इसे खुलवा सकता है:
बैंक में लिखित शिकायत: सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा में (या शाखा न होने पर आधिकारिक ईमेल/कस्टमर केयर पर) लिखित शिकायत देकर खाता फ्रीज होने का कारण और अपनी समस्या बताएं।
बैंक की जांच (EDD): बैंक खाताधारक की वास्तविकता और लेनदेन की ‘एन्हांस्ड ड्यू डिलिजेंस’ (EDD) के तहत विस्तृत जांच करेगा।
7 दिनों में पोर्टल पर अपलोड: जांच में दावा सही पाए जाने पर बैंक को 7 दिनों के भीतर शिकायत GRM पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
15 दिनों में जांच अधिकारी का फैसला: पोर्टल पर शिकायत आने के बाद जांच अधिकारी (IO) दस्तावेजों और जरूरत पड़ने पर वीडियो वेरिफिकेशन के जरिए पुष्टि कर 15 दिनों के भीतर निर्णय देंगे।
अपील का विकल्प: यदि IO शिकायत खारिज कर देते हैं, तो खाताधारक 15 दिनों के भीतर जिला शिकायत निवारण अधिकारी (DGRO) और वहां से भी राहत न मिलने पर राज्य शिकायत निवारण अधिकारी (SGRO) के पास अपील कर सकता है।
साइबर ठगी होते ही तुरंत उठाएं ये जरूरी कदम
साइबर अपराध में शुरुआती ‘गोल्डन आवर’ बेहद अहम होता है। ठगी होते ही तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और ट्रांजेक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट, SMS व 14 अंकों का NCRP नंबर सुरक्षित रखें। साथ ही, किसी भी अनजान व्यक्ति से OTP या पासवर्ड साझा न करें।


