बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरा, कहा- राज्य में माफिया राज कायम

रांची: झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य गठन के समय जनता ने जिन उम्मीदों के साथ अलग झारखंड का सपना देखा था, वे उम्मीदें मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरी नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में राज्य विकास के बजाय बदहाली की ओर बढ़ा है। आदित्य साहू शनिवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराध, लूट, अपहरण व दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि थाने में न्याय मांगने पहुंची एक महिला के साथ पुलिसकर्मियों ने दुष्कर्म किया। वहीं, विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों को लेकर भी उन्होंने सरकार से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पोस्टिंग से लेकर खनिज संपदा की लूट तक के आरोप
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग में पैसे का खेल होता है। उनके मुताबिक, एसएसपी, डीएसपी और दारोगा तक के पदों पर पोस्टिंग के लिए बोली लगती है। उन्होंने राज्य में माफिया राज कायम होने और जमीन, बालू व खनिज संपदा की लूट का भी आरोप लगाया। आदित्य साहू ने कहा कि सरकारी टेंडर में भ्रष्टाचार के कारण ठेकेदार काम लेने से कतरा रहे हैं और भुगतान नहीं मिलने की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे का मुद्दा उठाते हुए पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। साथ ही एमएमडीआर कानून के क्रियान्वयन और राज्य में कोयले की चोरी को लेकर सरकार को घेरा।
रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर भी उठाए सवाल
युवाओं के मुद्दे पर आदित्य साहू ने कहा कि सरकार ने रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन युवाओं को अब तक पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी की मांग करने वाले युवाओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं, रोजगार भत्ता और नौकरी के वादों पर भी सरकार से जवाब मांगा।
सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं। जल जीवन मिशन में झारखंड के पिछड़ने और किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने धान खरीद, किसानों को मिलने वाली राशि और 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने के वादे पर सरकार से जवाब मांगा।
उद्योगों की कमी से पलायन का आरोप
आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में नए उद्योग स्थापित नहीं हो रहे हैं। उद्योगों की कमी के कारण झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में स्थापित कई उद्योग आज भी संचालित हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सेवा में जुटे हैं और झारखंड की जनता भी अब बदलाव चाहती है।


