दो महीने से इलाके में रहकर बना रहे थे वारदात की योजना, गिरिडीह के लॉज में छिपे मिले पांचों आरोपी… तीन बाइक भी जब्त

गिरिडीह/रांची : झारखंड के गिरिडीह में पुलिस ने एक बड़ी डकैती की कथित योजना को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित एक लॉज में छापेमारी कर पांच संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के निशाने पर गिरिडीह के इसरी बाजार स्थित बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के अलावा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में स्थित तनिष्क ज्वेलर्स भी था। आरोपी पिछले करीब दो महीने से इलाके में रहकर वारदात की तैयारी कर रहे थे।
गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रंगामाटी स्थित जीटी रोड किनारे एक लॉज में कुछ अपराधी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लॉज में छापेमारी कर वहां मौजूद पांचों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
दो महीने से इलाके में रहकर कर रहे थे तैयारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले करीब दो महीने से इस इलाके में रह रहे थे। इस दौरान उन्होंने इसरी बाजार के बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के साथ बोकारो के तनिष्क ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने संबंधित प्रतिष्ठानों की रेकी और वारदात से जुड़ी अन्य तैयारियां भी कर ली थीं।
यूपी और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह (39), बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार (20), वैशाली निवासी जयंती कुमार (21), प्रियांशु कुमार (23) और रंजन कुमार (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आकाश सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, जयंती कुमार के खिलाफ बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाने में भी मामला दर्ज है।
तीन बाइक भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, सात जिंदा गोलियां और तीन बाइक बरामद की हैं। जब्त बाइकों में दो अपाची और एक होंडा हॉर्नेट शामिल हैं।
इस कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार और पुलिस पदाधिकारी मो. उमर खान समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


