केंद्रीय धूमकुड़िया भवन में शोक सभा का आयोजन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और समाज के उत्थान में उनके योगदान को किया याद
राजधानी रांची के करम टोली स्थित केंद्रीय धूमकुड़िया भवन में केंद्रीय सरना समिति की ओर से आदिवासी नेत्री स्वर्गीय निशा भगत की स्मृति में शोक सभा सह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि निशा भगत एक कर्मठ, संघर्षशील और समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता थीं। वह समाज से जुड़े मुद्दों पर हमेशा आगे रहती थीं और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाती थीं। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि निशा भगत जैसी साहसी और जुझारू महिला का निधन आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संघर्ष, समर्पण और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
कार्यक्रम में फूलचंद तिर्की और एंजेल लकड़ा ने भी अपने विचार रखे और स्वर्गीय निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।


