होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित होगा चार दिवसीय कार्यक्रम, 95 स्टॉल के साथ पहली बार लगेगा भव्य बिजनेस एक्सपो; ‘हनुमान अंश’ के अभिनेता शुभेंदु भी होंगे शामिल
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में 17 से 20 दिसंबर 2026 तक अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का 16वां राष्ट्रीय अधिवेशन ‘कारवां 2.0’ आयोजित किया जाएगा। होटल बीएनआर चाणक्य में होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देशभर की 800 से अधिक शाखाओं के तीन हजार से ज्यादा युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे। रांची को दूसरी बार इस राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी मिली है। इससे पहले वर्ष 2008 में यहां ‘कारवां’ का आयोजन हुआ था।
आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए चैम्बर भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन और राष्ट्रीय महामंत्री मोहित माटा ने बताया कि अधिवेशन के दौरान संगठन के पिछले दो वर्षों के कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं और रणनीतियों पर चर्चा होगी। राजनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इस बार अधिवेशन का प्रमुख आकर्षण पहली बार आयोजित होने वाला बिजनेस एक्सपो होगा, जिसमें करीब 95 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें B2B और B2C दोनों तरह के स्टॉल होंगे। एक्सपो के जरिए व्यापारिक संपर्क, स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। महिला उद्यमियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है।
चार दिनों तक होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
17 दिसंबर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, सर्वोच्च राष्ट्रीय सभा और नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया होगी। 18 दिसंबर को सामाजिक कार्यों की फोटो प्रदर्शनी, अलंकरण समारोह और मोटिवेशनल सत्र आयोजित होंगे। इसी दिन ‘हनुमान अंश’ के अभिनेता शुभेंदु की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा।
19 दिसंबर को जिला स्कूल से मारवाड़ी भवन तक भव्य सद्भावना रैली निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक पहचान के साथ शामिल होंगे। इसी दिन ‘यूथ टॉक’ का फिनाले और 8 से 10 प्रतिभाशाली युवाओं को ‘युवा रत्न’ सम्मान दिया जाएगा। वहीं, 20 दिसंबर को वार्षिक पुरस्कार समारोह के बाद अधिवेशन का समापन होगा।
राष्ट्रीय मंच पर दिखेगी झारखंड की संस्कृति और पर्यटन
आयोजन के स्वागताध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने बताया कि अधिवेशन में झारखंड की संस्कृति, लोककला, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों से परिचित कराने के लिए विशेष कमिटी बनाई गई है। इसके साथ ही झारखंड पर्यटन विभाग का स्टॉल लगाने का भी आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आम शहरवासी और आगंतुक भी न्यूनतम प्रवेश शुल्क देकर चारों दिनों तक बिजनेस एक्सपो का अवलोकन कर सकेंगे। मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने समाज के लोगों, युवाओं और शहरवासियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन रांची के साथ-साथ झारखंड की संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और युवा शक्ति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर बनेगा।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय, प्रांतीय और स्थानीय स्तर के पदाधिकारी सहित मारवाड़ी युवा मंच के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।


