लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा में गुरुवार शाम अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर में घुसकर बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की इस सनसनीखेज घटना के कुछ ही समय बाद जिले के एक पेट्रोल पंप पर भी दो अपराधियों ने लूट की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। दोनों घटनाओं से पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक शुभम साहू (पिता- सुनील साहू) मूल रूप से किसको थाना क्षेत्र के नारी नवाडीह गांव का निवासी था। वह वर्तमान में लोहरदगा शहर के किसको मोड़ के पास रहकर प्रिया स्टोर का संचालन करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पल्सर बाइक पर सवार दो युवक दुकान के सामने पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा सीधे दुकान के अंदर घुसा और शुभम साहू पर गोली चला दी। गोली लगते ही शुभम लहूलुहान होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार बाहर निकले, लेकिन तब तक दोनों अपराधी बाइक से फरार हो चुके थे। कई लोगों ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, इसलिए घटना का तुरंत अंदाजा नहीं लग सका।
स्थानीय लोगों की मदद से शुभम साहू को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
इसी बीच पतरा टोली स्थित एक पेट्रोल पंप को भी अपराधियों ने निशाना बनाया। बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी बदमाश लूट की नीयत से पहुंचे, लेकिन किसी कारणवश वे अपने इरादे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस हत्या और लूट के प्रयास दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।



