रांची:
प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार की एक भावुक तस्वीर शुक्रवार को रांची के नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम में देखने को मिली। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री जब वृद्धाश्रम के निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो एक बुजुर्ग के मासूम सवाल—“मेरा कोई है का…?”—का उन्होंने बेहद आत्मीयता से जवाब दिया, “हम सब लोग आपके ही हैं।” इस जवाब ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
बुजुर्गों के बीच बैठकर जाना हालचाल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने किसी औपचारिकता के बजाय सीधे बुजुर्गों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की और उनका हालचाल जाना। जो बुजुर्ग स्वास्थ्य कारणों से नीचे नहीं आ सके, उनसे वे उनके कमरों में जाकर मिले। इस आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे।
भक्ति-भजन से भावुक हुआ माहौल
मुलाकात के दौरान एक वृद्ध महिला ने भक्ति-भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण तथा अन्य अधिकारी भी ताल से ताल मिलाते नजर आए। पूरे परिसर में श्रद्धा, अपनापन और खुशी का माहौल बन गया।
डूरंड कप देखने की इच्छा पर तुरंत निर्देश
बातचीत के दौरान एक बुजुर्ग ने डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का मैच देखने की इच्छा जताई। उपायुक्त ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिया कि इच्छुक बुजुर्गों के लिए मैच देखने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे भी इस खेल का आनंद उठा सकें।
मिठाई खिलाकर बांटी खुशियां
उपायुक्त ने पिछली मुलाकात में बुजुर्गों की पसंद को याद रखते हुए इस बार उनके लिए मिठाइयां भी लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने हाथों से सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाई और उनके साथ आत्मीय पल साझा किए, जिससे वृद्धाश्रम का माहौल और भी भावुक एवं खुशनुमा हो गया।
बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी बुजुर्गों की नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, चिकित्सकीय सुविधाएं और गरिमापूर्ण वातावरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा परिसर में जलजमाव की स्थायी निकासी, चापानल की स्थापना, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर का भी किया निरीक्षण
वृद्धाश्रम के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने वन स्टॉप सेंटर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण, पर्याप्त बेड, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मानवीय संवेदनशीलता की बनी मिसाल
नगड़ी वृद्धाश्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की यह आत्मीय मुलाकात केवल एक प्रशासनिक निरीक्षण नहीं रही, बल्कि यह संदेश भी दिया कि प्रशासन का दायित्व केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के बुजुर्गों और जरूरतमंदों के साथ संवेदनशीलता और अपनापन दिखाना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनकी इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे मानवीय प्रशासन की एक प्रेरणादायी मिसाल बताया।



