मारवाड़ी सहायक समिति, रांची के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय ‘परंपरा’ कला एवं विरासत मेला के दूसरे दिन शुक्रवार को सावन सिंधारा कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज) दीपिका पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
आयोजन समिति की ओर से मंत्री दीपिका पांडेय का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा और भारतीय संस्कृति को एक साथ मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘परंपरा’ जैसे मेले महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके हुनर को पहचान दिलाने का भी सशक्त माध्यम हैं।
90 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला उद्यमियों द्वारा 90 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, गृह सज्जा की वस्तुएं, हस्तनिर्मित आभूषण, हर्बल उत्पाद, सूती एवं सिल्क वस्त्र, खानपान सहित कई रचनात्मक उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। खरीदारी के साथ-साथ लोग विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद ले रहे हैं।
महिला उद्यमिता को मिल रहा नया मंच
दीपिका पांडेय ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिला लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में महिलाओं की रचनात्मकता और प्रतिभा को करीब से देखने का अवसर मिला, जो समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
2 अगस्त तक चलेगा मेला
मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा, सचिव विनोद जैन, आयोजन समिति की मुख्य संयोजक विनीता झुनझुनवाला तथा प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।
आयोजन से जुड़ी विनीता झुनझुनवाला, मोनिका गोयनका, प्रियंका जैन, खुशबू अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, शिखा जैन अग्रवाल और सुनीता लाठ सहित पूरी टीम मेले को सफल बनाने में जुटी हुई है।
कल होगा ‘शिव तांडव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति ने बताया कि मेले के तीसरे दिन 1 अगस्त को सायं 5 बजे मारवाड़ी भवन में ‘शिव तांडव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरवासी भारतीय संस्कृति और कला की मनमोहक प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे।
मेले में मारवाड़ी सहायक समिति के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, किशन पोद्दार, अशोक लाठ, अजय खेतान, मनोज चौधरी, कौशल राजगढ़िया, अजय डीडवानिया, कमल शर्मा, निर्मल बुधिया और प्रमोद सारस्वत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


