लॉजिस्टिक्स पोस्ट से व्यापारियों को मिलेगा नया विकल्प, 12 घंटे में डिलीवरी का लक्ष्य
रांची: रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहनों के स्नेह को समय पर गंतव्य तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने घोषणा की है कि रक्षाबंधन तक रविवार को भी राखियों की विशेष डिलीवरी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर निर्धारित समय के बाद भी वितरण जारी रहेगा, ताकि कोई भी राखी समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने से न छूटे।
सोमवार को रेलवे मेल सेवा (RMS), रांची रेलवे स्टेशन के समीप आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुपरिंटेंडेंट ऑफ रेलवे मेल (SRM) प्रेमजीत कुमार ने बताया कि देशभर से बुक की गई राखियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रोसेस किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें एयर नेटवर्क के माध्यम से भी भेजा जा रहा है, ताकि समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सके।
RMS रांची अब सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे रहेगा खुला
प्रेमजीत कुमार ने बताया कि रेलवे मेल सेवा (RMS), रांची अब सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कार्य करेगी। कार्यालय में तीन शिफ्टों में लगातार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी—
- सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
- दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक
- रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक
इस सुविधा के तहत नागरिक किसी भी समय स्पीड पोस्ट, पार्सल, साधारण डाक, बुक पोस्ट, पत्र-पत्रिकाओं सहित अन्य डाक सामग्री की बुकिंग करा सकेंगे।
घर बैठे पार्सल बुकिंग और पिकअप की सुविधा
डाक विभाग ने ई-कॉमर्स कारोबारियों, स्टार्टअप, ऑनलाइन विक्रेताओं, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए विशेष सेवाएं भी उपलब्ध कराई हैं। अब ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से घर या प्रतिष्ठान से ही पार्सल भेज सकेंगे। डाक कर्मी स्वयं उनके परिसर से पार्सल प्राप्त कर सुरक्षित रूप से निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएंगे।
व्यापारियों के लिए ‘लॉजिस्टिक्स पोस्ट’ बनेगा बेहतर विकल्प
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय डाक विभाग की ‘लॉजिस्टिक्स पोस्ट’ सेवा की भी जानकारी दी गई। इस सेवा के तहत व्यापारी फुल ट्रक लोड (FTL) और हाफ ट्रक लोड (LTL) सुविधा के माध्यम से मशीनरी, व्यावसायिक माल, तैयार उत्पाद, कमर्शियल पार्सल और अन्य बड़े सामान सुरक्षित एवं तेज गति से एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेज सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन में जिस स्थान पर माल लोड कर सील किया जाएगा, वह सील सीधे गंतव्य स्थल पर ही खोली जाएगी। इससे सामान की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। विभाग का लक्ष्य झारखंड के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर लगभग 12 घंटे के भीतर डिलीवरी उपलब्ध कराना है।
विश्वसनीय और किफायती सेवा पर जोर
कार्यक्रम के अंत में IRM दिवाकर कुमार ने कहा कि भारतीय डाक विभाग आधुनिक तकनीक, विश्वसनीयता और जनसेवा की भावना के साथ आम नागरिकों एवं व्यापारिक समुदाय को तेज, सुरक्षित और किफायती सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में IRM दिवाकर कुमार, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव संदीप कुमार महतो, राहुल कुमार, रेलवे मेल सेवा के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



