41 टीमों और 153 पुलिसकर्मियों ने पूरी रात चलाया अभियान, पीआर बॉन्ड भरवाकर दी कड़ी चेतावनी
हज़ारीबाग: जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मनचलों के खिलाफ हज़ारीबाग पुलिस ने मंगलवार रात व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ की गई छापेमारी के दौरान 93 संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई की गई, जिसमें 54 युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पूछताछ के बाद सभी युवकों से पीआर (पर्सनल रिकॉग्निजेंस) बॉन्ड भरवाया गया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
41 टीमों ने एक साथ की कार्रवाई
विशेष अभियान के लिए जिलेभर में 41 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इस अभियान में 153 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। सभी टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों और ऐसे इलाकों में छापेमारी की, जहां मनचलों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें मिल रही थीं।
माहौल बिगाड़ने वालों पर रहेगी सख्त नजर
हज़ारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का विशेष अभियान लगातार चलाया जाएगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके मोहल्ले, बाजार या आसपास के किसी क्षेत्र में मनचलों या असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।


