Ranchi News: JPSC और JSSC से जुड़े विवाद को लेकर झारखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है, जबकि राज्य सरकार भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

JPSC मामले में कार्रवाई का दिया हवाला
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि JPSC के अध्यक्ष इस्तीफा दे चुके हैं और मामले की CID जांच जारी है। उनके मुताबिक, पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि 14वीं JPSC मुख्य परीक्षा को स्थगित किया गया है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि डिप्टी एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता और TDPL के मैनेजर अभय तिवारी उर्फ मनोज तिवारी समेत कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है और अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
JPSC में लंबे समय से तैनात अधिकारियों को हटाने का दावा
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि JPSC में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों को भी हटाया गया है। साथ ही JSSC से जुड़े मामलों की जांच भी जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सरकार आगे की कार्रवाई कर रही है।
कांग्रेस ने छात्रों की मांग CM तक पहुंचाई: ऋषीकेश
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी शुरुआत से ही आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य सरकार के मंत्री, यूथ कांग्रेस और NSUI के प्रतिनिधियों ने छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया।
ऋषीकेश सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस रुख का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर जांच की आंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक भी पहुंचती है, तो कार्रवाई में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे सरकार की पारदर्शिता का प्रमाण बताया।
छात्रों से बातचीत के लिए मंत्रियों का समूह गठित
ऋषीकेश सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री ने छात्रों के साथ संवाद के लिए मंत्रियों का एक समूह बनाया है। यह समूह छात्र प्रतिनिधियों से लगातार बातचीत कर रहा है और उनकी मांगों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे छात्रों से फोन पर बातचीत की है और उन्हें भरोसा दिया है कि उनकी जायज मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
‘दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, कार्रवाई होगी’
कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और छात्रों को न्याय दिलाने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। ऋषीकेश सिंह ने भाजपा से अपील की कि वह मामले को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय जांच पूरी होने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का इंतजार करे।
इसे भी पढ़े – JPSC-JSSC पर सुझाव देने के लिए झारखंड सरकार ने जारी की ई-मेल आईडी, छात्र-अभिभावक और शिक्षक भी भेज सकेंगे राय



