रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की सेहत में मंगलवार को एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इससे एक दिन पहले, सोमवार को उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबरें आई थीं, लेकिन मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई।

तबीयत बिगड़ते ही डॉक्टरों की टीम सक्रिय हो गई। उनके इलाज में पहले से जुटे चिकित्सकों के साथ-साथ शहर के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी परामर्श लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से संबंधित परेशानी की शिकायत सामने आई है, और संबंधित विशेषज्ञ लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन पहुंचे अस्पताल
रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, विधायक कल्पना सोरेन, मंगलवार को अस्पताल पहुंचे। दोनों ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी सेहत की जानकारी ली और आगे के उपचार को लेकर विस्तार से चर्चा की। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन देर शाम तक अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखे हुए थे।
हैदराबाद शिफ्ट करने की चर्चा, फिलहाल रांची में ही जारी इलाज
मंगलवार शाम को यह चर्चा भी सामने आई कि बेहतर इलाज के लिए रूपी सोरेन को हैदराबाद शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि, डॉक्टरों की राय के बाद फिलहाल उन्हें हैदराबाद न ले जाने का फैसला लिया गया। वर्तमान में उनका इलाज रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में ही जारी है।
पिछले सप्ताह से चल रहा है इलाज
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उस समय घर पर ही डॉक्टरों ने उनकी जांच की थी। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, और तभी से वे डॉक्टरों की निगरानी में इलाजरत हैं।



