रांची: झारखंड में चल रहे JPSC-JSSC छात्र आंदोलन का असर अब राजधानी से बाहर भी दिखाई देने लगा है। रांची में सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान बिगड़े हालात को देखते हुए कई जिलों से आने-जाने वाली बसों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। कुछ मार्गों पर बसों के आवागमन को रोकने की भी जानकारी सामने आई है।
रांची में आज छात्रों का गुस्सा चरम पर नजर आया। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा आंदोलन सोमवार को तनावपूर्ण हो गया। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने, जबकि पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। कुछ घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
विभिन्न जिलों से आने वाली बसों पर पुलिस की नजर
आंदोलन में बाहरी जिलों से बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने की आशंका को देखते हुए विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। बसों को रोककर उनकी जांच की जा रही है और वाहनों की तस्वीरें भी रिकॉर्ड के तौर पर ली जा रही हैं।
चतरा से आ रही बस बीच सड़क पर रोकी गई
इसी क्रम में चतरा से रांची आ रही एक बस को बीच सड़क पर रोक दिया गया। बस को रोककर पुलिस की ओर से यात्रियों और वाहन की जानकारी ली गई। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
छात्र आंदोलन के बीच प्रशासन की कोशिश है कि राजधानी में भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखा जाए। हालांकि, बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से अब आंदोलन का असर आम यात्रियों पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है।
इसे भी पढ़े – JPSC-JSSC आंदोलन में तनाव बढ़ा, आंसुओं के बीच दिखा संघर्ष का दर्द


