बोकारो: खरीफ-2026 में किसानों को फसल क्षति से आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता वैन के माध्यम से जिले के किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ, पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया और मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ना और उन्हें फसल बीमा के प्रति जागरूक करना है।
53,224 किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि जिले में 53,224 किसानों को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर अपनी फसलों का बीमा कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल क्षति होने की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
31 अगस्त तक करा सकते हैं फसल का बीमा
जिला प्रशासन के अनुसार, किसान 31 अगस्त 2026 तक फसल बीमा योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपने नजदीकी पैक्स अथवा प्रज्ञा केंद्र (CSC सेंटर) में जाकर मात्र एक रुपये टोकन राशि देकर अपनी फसल का बीमा कराना होगा।
इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ ऋणी और गैर-ऋणी दोनों किसानों के लिए उपलब्ध है। यानी जिन किसानों ने कृषि ऋण लिया है, उनके साथ-साथ गैर-ऋणी किसान भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ ले सकते हैं।
गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक करेगी वैन
उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता वैन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर किसानों को योजना की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, बीमा से मिलने वाले लाभ और योजना से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को समय रहते योजना से जोड़ना और फसल बीमा के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय पर अपने नजदीकी पैक्स या CSC सेंटर से संपर्क कर फसल का बीमा कराएं, ताकि फसल को होने वाले संभावित नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
जागरूकता वैन को रवाना करने के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी ऋतुराज प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहीद, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी/प्रबंधक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – छात्र आंदोलन से भर्ती घोटाले तक, अमित शाह के सामने मनीष जायसवाल ने उठाए झारखंड के मुद्दे


