बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में मंगलवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम (लोक संवाद) में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 45 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई हुई। डीसी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी दौरान सेक्टर-1सी निवासी सोनू मिश्रा ने उपायुक्त के समक्ष रांची में आयोजित होने वाले 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026-27 में कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छा जताई। सोनू की बात सुनने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीसी ने संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक से समन्वय स्थापित कर सोनू मिश्रा के आवश्यक प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा, ताकि वह राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने की दिशा में आगे बढ़ सके।
45 मामलों पर हुई सुनवाई
‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, विद्युत, बीएसएल, डीपीएलआर, आपूर्ति, कल्याण और विभिन्न अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों को भी सुना गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन रिस्पॉन्सिव और नागरिक केंद्रित प्रशासन की अवधारणा के अनुरूप काम कर रहा है और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान उसकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार, परियोजना पदाधिकारी मानिक चन्द्र समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – आजादी के जश्न की तैयारी में जुटा बोकारो, डीसी-एसपी ने सुरक्षा से लेकर परेड तक की समीक्षा


