रांची: राजधानी रांची में सोमवार से हो रही बारिश ने डोरंडा के भूसुर पुल की पुरानी समस्या को फिर सामने ला दिया है। बारिश का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिससे इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी बढ़ने के साथ ही पुल से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा भी बढ़ गया।
वार्ड-49 के डोरंडा मनीटोला में स्थित भूसुर पुल स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह इलाका कई प्रमुख रास्तों को जोड़ता है और एयरपोर्ट जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग के तौर पर भी इस्तेमाल होता है। ऐसे में पुल पर पानी आने का सीधा असर रोजाना की आवाजाही पर पड़ता है।
हर बारिश में दोहराती है वही कहानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही भूसुर पुल की स्थिति खराब हो जाती है। पुल पर पानी जमा होने के बाद लोगों को उसी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार पानी का बहाव इतना बढ़ जाता है कि पुल पार करना जोखिम भरा हो जाता है।
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
मौके पर पहुंचीं पार्षद
बारिश के बाद वार्ड-49 की पार्षद जमीला खातून मौके पर पहुंचीं और पुल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुल के ऊपर पानी का बहना चिंता का विषय है और ऐसी स्थिति में कभी भी हादसा हो सकता है।
पार्षद के मुताबिक, समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए पुल का डीपीआर तैयार हो चुका है। अब इसे जल्द मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की जरूरत है।
नए पुल से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में भूसुर पुल पर जलजमाव और पानी के बहाव की समस्या सामने आती है। ऐसे में सिर्फ बारिश के दौरान अस्थायी इंतजाम करने के बजाय नए पुल का निर्माण ही स्थायी समाधान हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि नया पुल बनने से न सिर्फ बारिश के दिनों में आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़े – अवेटा IVF ने मनाई 10वीं वर्षगांठ, 10 हजार से ज्यादा सफल केस के साथ पूरा किया एक दशक का सफर


