रांची। शहर में अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ रांची नगर निगम की ओर से चलाया जा रहा अभियान सराहनीय है। बुधवार को निगम की टीम ने सेटेलाइट चौक (डीपीएस चौक) के पास दो अवैध गैरेज हटाए। वहीं दरजी मोहल्ला स्थित जलसा सामुदायिक भवन के ऊपर लगे अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई की गई। खेलगांव इलाके में भी चार अवैध होर्डिंग्स हटाए गए, जबकि बरियातू रोड के मीडियन पर बने 30 से अधिक कियोस्क को हटाया गया।
नगर निगम की इस कार्रवाई से शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, शहर में अभी भी कुछ ऐसे बड़े और जर्जर होर्डिंग्स मौजूद हैं, जिन पर निगम का ध्यान जाना जरूरी है।
मेन रोड स्थित डेली मार्केट इलाके में लगा एक बड़ा होर्डिंग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। जानकारी के अनुसार, इस होर्डिंग को हटाने को लेकर नगर निगम की ओर से 2-3 साल पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद यह होर्डिंग अब तक मौके पर मौजूद है।

मुख्य सड़क पर लगा यह बड़ा और जर्जर होर्डिंग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसका आकार और सड़क के आसपास की स्थिति वाहन चालकों का ध्यान भी भटका सकती है। वहीं, बारिश और तेज हवा के दौरान इसके गिरने की स्थिति में गंभीर हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
सिर्फ मेन रोड डेली मार्केट ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य प्रमुख इलाकों में भी ऐसे बड़े होर्डिंग्स की जांच जरूरी है, जो या तो बिना अनुमति लगे हैं या फिर लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। खासकर उन जगहों पर जहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है, वहां ऐसे होर्डिंग्स ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं।

ऐसे में कांके रोड , मेन रोड डेली मार्केट समेत शहर के अन्य प्रमुख और व्यस्त इलाकों में लगे बड़े होर्डिंग्स की सुरक्षा और वैधता की एक बार फिर जांच जरूरी है। जिन होर्डिंग्स को लेकर पहले से नोटिस जारी हो चुका है, उनकी स्थिति की भी समीक्षा की जाए तो समय रहते संभावित खतरे को टाला जा सकता है।
बताया जा रहा है कि कांके रोड में लगे होर्डिंग अवैध रूप से लगाया गया है। स्थानीय लोगों से पता चला कि यह होर्डिंग बिना अनुमति के नगर निगम के जमीन पर लगाया गया है। कई बार विरोध करने के बाद भी वहा से नहीं हटाया गय।

नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ जिस तरह अभियान चलाया जा रहा है, वह स्वागत योग्य है। इसी अभियान के तहत सड़क की दृश्यता प्रभावित करने वाले, जर्जर और बिना अनुमति लगे होर्डिंग्स पर भी कार्रवाई होती है, तो इससे रांची की सड़कों को ज्यादा सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।


