बोकारो: नई कार की टेस्ट ड्राइव अचानक हादसे में बदल गई। बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में नेक्सा शोरूम के पास टेस्ट ड्राइव पर निकली एक नई कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकराई और पास की दुकान में जा घुसी। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार और बाइक आग की चपेट में आकर जल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बाइक को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाली नई कार में दो लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि एक ग्राहक शोरूम के कर्मचारी के साथ कार की टेस्ट ड्राइव पर निकला था। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए पास की दुकान में जा घुसी। इसके बाद कार में आग लग गई और आग ने बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कार सवारों के घायल होने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार में सवार दोनों लोग बाहर निकले और वहां से चले गए। हादसे में दोनों को चोट लगने की बात भी सामने आई है।
दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार और मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थीं।
मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग के अधिकारी के अनुसार, समय रहते आग बुझा दी गई। घटनास्थल के आसपास कई दुकानें हैं। आग फैलने की स्थिति में आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
फिलहाल, हादसे के कारणों और कार सवारों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
इसे भी पढ़े – बोकारो के महुआर एस पौंड में बदमाशों का उत्पात, पोकलेन मशीन के साथ तोड़फोड़…वही चालकों की झोपड़ी भी उखाड़ फेंकी


