रहीम की आतिशी पारी से जीता डिवाइन स्ट्राइकर्स, रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स की 2 रनों से जीत
रांची। बीआईटी क्रिकेट लीग-26 के तहत आज दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में डिवाइन स्ट्राइकर्स ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स की टीम ने आशुतोष (25 रन), बिस्वाजीत सरकार (23 रन) और शरीफ (23 रन) की उपयोगी पारियों की बदौलत 113 रन बनाए। डिवाइन की ओर से सतीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिवाइन स्ट्राइकर्स की सलामी जोड़ी श्रीधर पटनायक और रहीम ने बिना कोई विकेट गंवाए मैच जीत लिया। रहीम ने 8 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 75 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें डॉ. आनंद सिन्हा द्वारा ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
दिन के दूसरे और बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स ने विक्ट्री टाइटन्स को महज 2 रनों से हराया। शुरुआती झटकों के बाद आकाश की अर्धशतकीय पारी (51 रन) और आदर्श की ताबड़तोड़ 37 रनों की बल्लेबाजी से रॉयल चैलेंजर्स ने 140 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। विक्ट्री की ओर से ओम प्रकाश पाण्डेय ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जवाब में विक्ट्री टाइटन्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन अंकित शर्मा और विनय सिंह ने पारी को संभाला। अंत में सुरेश महतो और राणा मिश्रा ने बड़े शॉट्स लगाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, मगर वे 2 रन से चूक गए। शानदार अर्धशतक के लिए आकाश को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।


