12 मामलों में कोर्ट का फैसला, चार को उम्रकैद; पुलिस की जांच और चार्जशीट से दोषियों पर कसा शिकंजा

धनबाद। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने में धनबाद पुलिस को सफलता मिली है। अक्टूबर महीने में पुलिस की प्रभावी जांच और न्यायालय में मजबूत पैरवी के बाद 12 आपराधिक मामलों में 29 अभियुक्तों को सजा सुनाई गई। इनमें चार को आजीवन कारावास मिला है। दो अभियुक्तों को तीन साल और 23 को दो साल या उससे कम की सजा हुई है।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, हत्या के दो मामलों में चार अभियुक्तों को सजा मिली। मारपीट के एक मामले में दो और छेड़खानी के दो मामलों में चार अभियुक्त दोषी ठहराए गए। वहीं, दंगा, जालसाजी और गबन के एक मामले में दो अभियुक्तों को सजा हुई।
शस्त्र अधिनियम के दो मामलों में दो, जुआ अधिनियम के एक मामले में पांच और अन्य श्रेणी के तीन मामलों में 10 अभियुक्तों को अदालत ने दोषी करार दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता सिर्फ प्राथमिकी दर्ज करना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर दोषियों को सजा दिलाना है। इसके लिए समय पर आरोप पत्र दाखिल करना भी जरूरी है। धनबाद पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ न्यायालय में मामलों को मजबूती से प्रस्तुत करने पर जोर दे रही है।


