भोपाल में जीता रिकॉर्ड चौथा महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बढ़ाया उत्साह
सलीमा टेटे की कप्तानी में भारत का शानदार पलटवार, दीपिका ने दागे दो महत्वपूर्ण गोल
भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को भोपाल के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में चीन को 3-1 से धूल चटाकर नया इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने न केवल रिकॉर्ड चौथी बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, बल्कि खिताब की ऐतिहासिक हैट्रिक भी पूरी की। अपनी मेजबानी में रांची (2023) और राजगीर (2024) के बाद भोपाल (2026) में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर भारतीय बेटियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस गौरवशाली जीत के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्टेडियम में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले हाफ में चीन ने बनाया दबाव, हासिल की शुरुआती बढ़तः
खिताबी मुकाबले की शुरुआत बेहद रोमांचक रही। पहले क्वार्टर में चीनी टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा और तीन पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किए। हालांकि, भारतीय रक्षापंक्ति ने गजब की मुस्तैदी दिखाते हुए चीन के हर हमले को नाकाम कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी चीन का दबदबा कायम रहा। आखिरकार मैच के 25वें मिनट में यूजुन चेन ने गोल दागकर चीन को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम बराबरी का गोल करने में नाकाम रही।
तीसरे क्वार्टर में भारत का तूफानी पलटवार, 5 मिनट में दागे तीन गोलः
मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम बदली हुई रणनीति और नए जोश के साथ मैदान पर उतरी। मैच के 38वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर कप्तान सलीमा टेटे के सटीक पास को दीपिका ने गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके महज चार मिनट बाद 42वें मिनट में ईशिका ने शानदार मैदानी गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। अगले ही मिनट (43वें मिनट) भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर दीपिका ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागकर भारत की जीत लगभग पक्की कर दी।
मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर जीती ट्रॉफी, बनी सबसे सफल टीमः
चौथे क्वार्टर में चीन ने वापसी के लिए पुरजोर कोशिश की, लेकिन खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों के शोर और भारतीय डिफेंस की दीवार के आगे उसकी एक न चली। अंततः भारत ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने 2016, 2023, 2024 और 2026 में खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनने का गौरव हासिल किया है।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी : अब तक के विजेता
2010 : साउथ कोरिया
2011 : साउथ कोरिया
2013 : जापान
2016 : भारत
2018 : साउथ कोरिया
2021 : जापान
2023 : भारत
2024 : भारत
2026 : भारत


