रांची। रक्षाबंधन सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्यार, विश्वास और अटूट बंधन है । लेकिन इस साल राखी को लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर राखी किस दिन बांधे 8 अगस्त को या 9 अगस्त को? बता दे हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल रक्षाबंधन 9 अगस्त को ही मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व होता है। इस साल 9 अगस्त को सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय है। हालांकि, अलग-अलग स्थानों के पंचांग के अनुसार मुहूर्त में कुछ मिनटों का अंतर हो सकता है। ऐसे में अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार समय की पुष्टि करना बेहतर रहेगा।
रक्षाबंधन पर कृष्ण और द्रौपदी की कथा क्यों है खास?
रक्षाबंधन से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं, लेकिन भगवान कृष्ण और द्रौपदी की कहानी सबसे लोकप्रिय मानी जाती है। मान्यता के अनुसार, एक बार भगवान कृष्ण की उंगली में चोट लग गई थी। यह देखकर द्रौपदी ने बिना देर किए अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया।
द्रौपदी के इस स्नेह और अपनापन को कृष्ण ने हमेशा याद रखा। महाभारत की कथा में आगे चलकर जब द्रौपदी संकट में पड़ीं, तो कृष्ण ने उनकी रक्षा की। यह कथा भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना को दर्शाती है।
भद्रा काल में राखी बांधना क्यों माना जाता है अशुभ?
हिंदू परंपरा में भद्रा काल के दौरान शुभ कार्य करने से बचने की मान्यता है। इसलिए इस दौरान राखी बांधना भी उचित नहीं माना जाता। 2025 में भद्रा सूर्योदय से पहले समाप्त होने की बात कही गई है, इसलिए 9 अगस्त को दिन में राखी बांधने में भद्रा की बाधा नहीं मानी जा रही है। बदलते दौर में भी राखी की अहमियत काम नहीं हुई। आज भाई-बहन अक्सर अलग-अलग शहरों और देशों में रहते हैं। ऐसे में ऑनलाइन राखी भेजना, वीडियो कॉल पर तिलक करना और डिजिटल गिफ्ट देना आम हो गया है। दूरी बढ़ी है, लेकिन रिश्तों की अहमियत कम नहीं हुई।


