रांची: झारखंड में रक्षाबंधन के दिन सरकारी स्कूल बंद नहीं रहेंगे। राज्य के सरकारी स्कूलों में 28 अगस्त और 30 अगस्त को अवकाश होने के बावजूद विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश है। इसके बावजूद रक्षाबंधन के दिन सरकारी स्कूल सुबह 9 बजे से 10 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत होंगे कार्यक्रम
केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप 28 से 30 अगस्त तक ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसी अभियान के तहत स्कूलों में विभिन्न खेल गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है। साथ ही, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बच्चों में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
छुट्टी के बदले शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
अवकाश के दिन स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर शिक्षकों को भी राहत दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छुट्टी के दिन स्कूल खोलने के बदले शिक्षकों को क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा।
यह अभियान केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा। सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी 28 से 30 अगस्त तक निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
28 से 30 अगस्त तक खेल गतिविधियों पर जोर
तीन दिवसीय अभियान के दौरान विद्यार्थियों को अलग-अलग खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। विभाग की ओर से कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जारी की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।
यानी इस बार रक्षाबंधन की छुट्टी में भी स्कूलों में पढ़ाई नहीं, बल्कि खेल और विशेष गतिविधियों का माहौल देखने को मिलेगा।
इसे भी पढ़े – अक्षत की मौत का आरोपी रुद्र फाउंडेशन: ‘गाली-गलौज’ के आरोपों के बीच संचालक का कथित ऑडियो वायरल, अभद्र भाषा की हदें पार


