गुमला: गुमला के पालकोट प्रखंड में शनिवार को सड़क से गुजर रहा एक विशाल मालवाहक वाहन लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। 206 पहियों वाले इस ट्रक पर करीब 200 टन वजनी भारी मशीन लदी है। वाहन का आकार सामान्य ट्रकों से कई गुना बड़ा होने के कारण इसे देखने के लिए सड़क के किनारे लोगों की भीड़ जुटती रही।
लोगों के लिए यह नजारा इतना अलग था कि कई लोग सड़क किनारे रुककर विशाल ट्रक को देखते और उसके साथ सेल्फी लेते नजर आए।
पारादीप से यूपी जा रही है 200 टन की मशीन
वाहन के साथ चल रहे कर्मचारियों के मुताबिक, ट्रक पर लदी मशीन शुगर फैक्ट्री की वैक्यूम यूनिट से संबंधित है। करीब 200 टन वजन वाली यह मशीन बेल्जियम में निर्मित बताई जा रही है।
इसे ओडिशा के पारादीप से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। इतनी भारी मशीन को सड़क मार्ग से ले जाने के लिए विशेष क्षमता वाले इस विशाल वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दो इंजन के सहारे आगे बढ़ रहा विशाल वाहन
मशीन का वजन और वाहन का विशाल आकार देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसे सामान्य ट्रक की तरह आसानी से नहीं चलाया जा सकता। भारी मशीन को खींचने के लिए वाहन में दो इंजन लगाए गए हैं।
वाहन की रफ्तार भी काफी कम रखी जा रही है। कर्मचारियों के अनुसार, यह ट्रक एक दिन में करीब 8 से 10 किलोमीटर की दूरी तय करता है।
रास्ते में पेड़ों की डालियां और बिजली के तार बने चुनौती
इतने बड़े वाहन को आगे बढ़ाने के दौरान रास्ते में कई तरह की दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। कई जगह सड़क किनारे मौजूद पेड़ों की डालियां वाहन के रास्ते में आ रही हैं, जिन्हें हटाना या काटना पड़ रहा है।
वहीं, कई स्थानों पर बिजली के तार भी वाहन की ऊंचाई के कारण रास्ते में बाधा बन रहे हैं। ऐसे में सुरक्षित आवाजाही के लिए कुछ जगहों पर विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ रही है।
यातायात को लेकर भी बरती जा रही सावधानी
विशाल वाहन की आवाजाही को देखते हुए रास्ते में यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जा रहा है। कुछ स्थानों पर दूसरे वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से जाने की सलाह दी जा रही है, ताकि भारी वाहन को आगे बढ़ाने में परेशानी न हो और यातायात भी प्रभावित न हो।
फिलहाल 206 पहियों वाला यह ‘बाहुबली’ ट्रक पालकोट और आसपास के इलाकों में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सड़क से गुजरते इस विशाल वाहन को देखने के लिए लोग रुक रहे हैं और इसकी तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े – अक्षत की मौत का आरोपी रुद्र फाउंडेशन: ‘गाली-गलौज’ के आरोपों के बीच संचालक का कथित ऑडियो वायरल, अभद्र भाषा की हदें पार


