रांची: नवरात्र और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। प्रमुख पूजा पंडालों, मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एएसपी, डीएसपी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। रांची पुलिस के जवानों के अलावा अतिरिक्त बल की तैनाती भी की गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।
इसे भी पढ़े – कोतरे बसंतपुर पंचमो परियोजना की पूरी कार्ययोजना समयसीमा के साथ पेश करे कंपनी: डीसी बोकारो


