देवघर: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर देवघर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र से लेकर मंदिर परिसर तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
तीन अतिरिक्त IPS अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
श्रावणी मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से देवघर में तीन अतिरिक्त IPS अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी मेला क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। साथ ही कंट्रोल रूम और मौके पर तैनात पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
22 क्विक रिस्पांस टीम रहेंगी तैनात
अंतिम सोमवारी पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 22 क्विक रिस्पांस टीमें सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा मेला क्षेत्र, रूट लाइनिंग और बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों, होमगार्ड और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है।
प्रशासन की ओर से भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने की व्यवस्था की गई है।
मेले के अंतिम दिनों तक जारी रहेगी चौकसी
अंतिम सोमवारी के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में ढील नहीं दी जाएगी। श्रावणी मेले के बाकी दिनों में भी विशेष पुलिस टीमें सक्रिय रहेंगी। मेला समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
ड्यूटी में लापरवाही पर 64 पुलिसकर्मी निलंबित
वहीं, श्रावणी मेले के दौरान ड्यूटी में लापरवाही, अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता के मामलों में देवघर एसपी की ओर से अब तक 64 पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़े – JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर SC में सुनवाई कल, CBI जांच की मांग वाली याचिका पर होगी सुनवाई


