बोकारो: देशभर में होने वाली NEET PG परीक्षा 30 अगस्त 2026 को आयोजित होनी है। परीक्षा को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने भी तैयारियों की निगरानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने गुरुवार को पिंड्राजोरा स्थित क्रिसेंट लैब परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और केंद्र अधीक्षक को परीक्षा से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने परीक्षा केंद्र पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए केंद्र परिसर और आसपास पर्याप्त साइनेज लगाने को कहा, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
इसके अलावा केंद्र पर पेयजल और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
परीक्षा गाइडलाइन के पालन पर जोर
डीडीसी ने परीक्षा आयोजन से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्र की सभी व्यवस्थाओं की अंतिम रूप से जांच करने और यदि कहीं कोई कमी हो तो उसे समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा के दिन केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और प्रशासनिक स्तर पर किसी तरह की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान डीईओ श्री प्रवीण रंजन, TCS के प्रतिनिधि समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्र की तैयारियों की समीक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 30 अगस्त को होने वाली NEET PG परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारू रूप से संपन्न हो।
इसे भी पढ़े – BSL के साथ एक टेबल पर आए बोकारो के उद्यमी, SUB-PLC को लेकर हुई अहम बातचीत


