रामगढ़: रामगढ़-रांची फोरलेन स्थित चुट्टूपालू घाटी में देर रात एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित होकर सरिया लदा ट्रेलर करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान ट्रेलर में लदा सरिया आगे की ओर खिसक गया, जिससे केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और उपचालक केबिन में ही फंस गए और दोनों की जान चली गई।
आए दिन हादसों से सवालों के घेरे में घाटी
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण यह इलाका लंबे समय से ब्लैक स्पॉट के तौर पर चिन्हित है। हाल के महीनों में भी यहां कई गंभीर दुर्घटनाएं हुई हैं। जुलाई में एक ब्रेक फेल ट्रेलर ने कई वाहनों को टक्कर मारी थी, जबकि सितंबर की शुरुआत में भी ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
लगातार हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन और NHAI की ओर से सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। घाटी में 40 किमी प्रति घंटे की गति सीमा लागू की गई है और स्पीड मॉनिटरिंग कैमरे लगाए गए हैं। तेज रफ्तार वाहनों पर ऑनलाइन चालान की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही पुलिस की ओर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थायी समाधान के लिए NHAI ने शुरू की प्रक्रिया
हादसों को रोकने के लिए NHAI की ओर से घाटी के ब्लैक स्पॉट के स्थायी सुधार की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। चुट्टूपालू घाटी और चारही घाटी के ब्लैक स्पॉट के सुधार के लिए करीब 140.81 करोड़ रुपये की परियोजना का टेंडर जारी किया गया है। वहीं, घाटी की ढलान और तीखे मोड़ को देखते हुए नए फोरलेन अलाइनमेंट की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
इसे भी पढ़े – जंगली सूअर के शिकार के लिए लगाया बम फटा, ग्रामीण का हाथ बुरी तरह जख्मी


