रांची: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ज्योति सिंह मथारू जनक नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कथावाचक से भागवत कथा का श्रवण किया और आयोजन समिति के सदस्यों से मुलाकात की।
कथा स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय आयोजकों ने उनका स्वागत किया। ज्योति सिंह मथारू ने व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक महाराज को नमन किया और धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन को शुद्ध करने के साथ समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करती है। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को धर्म, कर्म और नैतिक मूल्यों का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने सभी अल्पसंख्यक समुदायों समेत समाज के लोगों से धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की, ताकि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिल सके।
मथारू ने आयोजन समिति को कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। कथा के बाद उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया।


