भागलपुर में बाढ़ का पानी अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। जिले के खुटहा पंचायत के साह टोला के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की मां और उसके तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, पड़ोस में रहने वाली महिला होमगार्ड की 16 वर्षीय बेटी की भी इस हादसे में जान चली गई। एक ही बस्ती से पांच शव निकलने के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान मुकेश साह की 35 वर्षीय पत्नी मंचो देवी, उनके दो बेटों अभिषेक कुमार (9) और अक्षय कुमार (8), 13 वर्षीय बेटी सोनाक्षी कुमारी तथा लुखो देवी की 16 वर्षीय बेटी अंशु प्रिया के रूप में हुई है।
सड़क पर बह रहा था बाढ़ का पानी, नाले में गिरे सभी
बताया गया कि इलाके में बाढ़ का पानी सड़कों और संपर्क मार्गों के ऊपर से बह रहा था। पानी का स्तर इतना बढ़ गया था कि सड़क और उसके किनारे मौजूद गहरे नाले के बीच का अंतर दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान सभी लोग सड़क से गुजर रहे थे। अचानक एक व्यक्ति का पैर फिसला और वह नाले के तेज बहाव में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में एक के बाद एक पांचों लोग गहरे पानी में समा गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। खुटहा पंचायत के मुखिया देवेंद्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आपदा राहत नियमों के तहत जल्द मुआवजा और अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़े – बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर JMM ने BJP को घेरा, केंद्र और MP सरकार से मांगा जवाब


