रांची में प्रेम संबंध और शादी के भरोसे से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक 26 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर होटल में जबरन शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, युवती का बयान न्यायालय में भी दर्ज कराया गया है।
होटल में बुलाकर संबंध बनाने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, युवती रांची के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में काम करती है। इससे पहले वह एक निजी अस्पताल के फूड एंड बेवरेज विभाग में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान सुमंत कुमार महतो से हुई। दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात बढ़ी। युवती का आरोप है कि युवक ने प्रेम का इजहार करते हुए उससे शादी करने का भरोसा दिया।
युवती के मुताबिक, 5 जून 2025 को आरोपी ने उसे चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके विरोध के बावजूद शारीरिक संबंध बनाए गए। आरोप है कि इसके बाद शादी का भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भी लगाया।
गर्भवती होने पर दवा देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, करीब एक महीने बाद युवती को अपनी गर्भावस्था की जानकारी हुई। उसने इसकी सूचना आरोपी को दी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उसे होटल बुलाकर कुछ गोलियां दीं। युवती का दावा है कि गोलियां लेने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसका गर्भपात हो गया।
शादी के लिए पैसे मांगने का भी आरोप
युवती ने आरोप लगाया है कि बाद में शादी की बात करने पर युवक ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की। उसका दावा है कि वह पहले ही करीब तीन लाख रुपये दे चुकी थी। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पुलिस होटल से जुड़े तथ्यों, मोबाइल बातचीत, पैसों के लेन-देन और मेडिकल दस्तावेजों समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी बोकारो जिले का रहने वाला बताया गया है।
इसे भी पढ़े – तमाड़ के कुंदला में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल, एक शिक्षक के भरोसे 96 बच्चे


