साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से आम लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे।
PhonePe कैशबैक का भेजते थे फर्जी मैसेज
एसपी के अनुसार, आरोपी लोगों के मोबाइल पर PhonePe पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी मैसेज भेजते थे। मैसेज में दिए गए निर्देश के अनुसार कैशबैक स्वीकार करने के लिए कहा जाता था, जिसके बाद लोगों को फर्जी एप के जरिए ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश की जाती थी।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर APK डाउनलोड कराते थे
आरोपी SBI समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड धारकों को भी निशाना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की ओर से लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने का झांसा दिया जाता था, इसके बाद मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवायी जाती थी। इस APK के माध्यम से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों में फैला हुआ था।
मुचियाडीह और करमाटांड़ से हुई गिरफ्तारियां
गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलास के झुरमुट में छापेमारी की, जहां से तीन आरोपियों तसलीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21), दोनों चिरूडीह निवासी, तथा अब्दुल लतीफ (27), बाकुडीह निवासी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में तालाब के बगल स्थित आम बागान में छापेमारी कर उसमान गनी (25), अलगचुआ निवासी, और जितेंद्र मंडल (43), मट्टांड़ निवासी को भी गिरफ्तार किया।
जनवरी से अब तक 122 साइबर अपराधी गिरफ्तार
एसपी शंभु कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक साइबर अपराध के मामलों में कुल 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने 304 मोबाइल फोन, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 8 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 14.70 लाख रुपये नकद और 11 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।
मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 58/26 दर्ज किया गया है और पुलिस ने बीएनएस, आईटी एक्ट व टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इसे भी पढ़े – आज देशव्यापी हड़ताल पर 35 हजार बैंक कर्मचारी, तीन दिन बैंक रहेंगे बंद


