गिरिडीह में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के छात्रों की आवाज को बुलंद करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। गिरिडीह महानगर व गिरिडीह ग्रामीण के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी स्वयं शामिल हुए और समाहरणालय का घेराव किया गया।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के तीन मांगें
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य रूप से तीन मांगें उठाईं। पहली, जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच कराई जाए। दूसरी, नौकरी को छात्रों का मौलिक अधिकार मानते हुए निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। और तीसरी, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए।
बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर साधा निशाना
प्रदर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और कई अभ्यर्थियों ने रिश्वत देकर नौकरी हासिल की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मामलों की सीबीआई जांच से ही सच्चाई सामने आएगी, और तभी रिश्वत देकर फर्जी तरीके से नौकरी पाने वालों तथा नौकरी बेचने वालों को होटवार जेल भेजा जा सकेगा। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन से पहले भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय और महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गिरिडीह स्टेडियम में एकत्रित हुए। यहां से सभी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे और वहां विरोध-प्रदर्शन किया।
इस मौके पर विधायक मंजू कुमारी, विधायक नागेंद्र महतो सहित भाजपा नेता लक्ष्मण स्वर्णकार, डॉ. रविंद्र राय, लक्ष्मण सिंह, दिनेश यादव, चुन्नूकांत, मुनिया देवी, विनय सिंह, संजीव, संदीप डंगाइच, नवीन सिन्हा और सुरेश मंडल समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


