मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सामने संचालित रीमा सेवा सदन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया है। रविवार शाम करीब 7:45 बजे सिविल सर्जन ने जनशिकायतों के सत्यापन के लिए यहां औचक निरीक्षण किया, जिसके दौरान चिकित्सा व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान
निरीक्षण के दौरान संस्थान की ओर से वैध रेंट एग्रीमेंट (Rent Agreement) उपलब्ध नहीं कराया जा सका। मौके पर कोई चिकित्सक अथवा स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद नहीं मिला। इसके अलावा OT रजिस्टर, इनडोर रजिस्टर और डिस्चार्ज रजिस्टर समेत संबंधित चिकित्सकों के जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए, जिससे संस्थान के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
जांच में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट
जांच में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट (Biomedical Waste Management) की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली और उपलब्ध व्यवस्था की वैधता समाप्त पाई गई। वहीं, फायर सेफ्टी (Fire Safety) के आवश्यक उपकरण और सुरक्षा इंतजाम भी नहीं मिले, जो किसी भी आपात स्थिति में मरीजों की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे।
जांच में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट स्थिति बदहाल
ऑपरेशन थिएटर की बदहाल स्थिति ने भी जांच टीम की चिंता बढ़ा दी। OT में एनेस्थीसिया के लिए आवश्यक वर्क स्टेशन नहीं था, जबकि OT लैंप के स्थान पर सामान्य एग्जामिनेशन लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली, जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ था।
प्रशासन ने इन गंभीर खामियों को मरीजों के हित और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर मानते हुए रीमा सेवा सदन में चिकित्सा सेवाओं का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और पूरे परिसर को सील कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य निजी अस्पतालों में भी जांच की मांग उठने लगी है।


