Jamshedpur: जमशेदपुर के टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। एन-111 के पास तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के वक्त वैन में चिन्मया स्कूल के बच्चे सवार थे। दुर्घटना में 15 से 17 बच्चों के घायल होने की जानकारी है।
तेज रफ्तार में थी वैन, डिवाइडर से टकराई
जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन स्टेडियम की ओर से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैंबर तक फट गया। हादसे के बाद वाहन पलटने से बाल-बाल बचा। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों को यह धमाके जैसी सुनाई दी।
बच्चों की चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे लोग
हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी अपने घरों से निकलकर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।

स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को तत्काल अपने वाहनों से टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद चिन्मया स्कूल के शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे।
चालक समेत दो की हालत गंभीर, एक बच्चे को फ्रैक्चर
हादसे में कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। वैन में चालक के बगल में बैठे एक बच्चे के हाथ और पैर में फ्रैक्चर की सूचना है। वहीं चालक समेत दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अधिकांश बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। वहीं चार बच्चों को अस्पताल में भर्ती रखा गया है और उनका इलाज चल रहा है।
स्कूल वैन की रफ्तार और फिटनेस पर उठे सवाल
हादसे के बाद बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की रफ्तार, फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों और वैन की स्थिति की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े – ₹2000 से ज्यादा के UPI भुगतान पर MDR का विरोध, झारखंड चैंबर ने वित्त मंत्री को लिखा पत्र



