खूंटी (कर्रा): कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास रात करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर सड़क पर खड़े लोगों पर चढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में सात-आठ लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिया तोड़कर गड्ढे में गिरा ट्रक
मिली जानकारी के मुताबिक, 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) तोरपा की ओर से आ रहा था। कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के पास उसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि वह नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदता हुआ पुलिया तोड़ गया और गड्ढे में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद चालक और खलासी मौके से भाग निकले।
स्कूटी दुर्घटना देखने निकले थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे से करीब पंद्रह मिनट पहले, रात लगभग 9:30 बजे, इसी जगह एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उसकी आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के पास की कॉलोनी के कई लोग हालात देखने के लिए घरों से निकलकर सड़क पर जमा हो गए थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे, घायल खूंटी रेफर
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दो घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी कर्रा पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को थाने के वाहन से सदर अस्पताल, खूंटी भेजा गया। दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। फरार चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।


