रांची। श्री श्याम मंडल, रांची के 59वें वार्षिक श्री श्याम महोत्सव के द्वितीय दिवस शुक्रवार को श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अपराह्न 4 बजे अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं के जयकारों वाले बैनर लेकर भक्त आगे चल रहे थे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और बैंड की धुनों के बीच श्री कृष्ण लीला पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
मंडल के सदस्य पूरे मार्ग में भजनों की अमृत वर्षा करते हुए झूमते-नाचते चल रहे थे। “इतनी कृपा सांवरे बनाए रखना”, “बड़ी दूर से चलकर आया हूं”, “मांगने की आदत जाती नहीं”, “जन्म जन्म का साथ है” और “श्याम तेरे ही भरोसे मेरा परिवार” जैसे भजनों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर शामिल हुए।
दिव्य रथ पर विराजमान श्री श्याम प्रभु नगरवासियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय लोगों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने रथ की आरती उतारी तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान मंडल के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया।
रात्रि करीब 8 बजे नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर पहुंची, जहां महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में सुनील मोदी, अनिल केजरीवाल, अशोक लाठ, अंशुल अग्रवाल, राकेश मुरारका, अनिल ढांढनीयां, राकेश सारस्वत, अशोक धानुका, अमित जलान एवं विकाश पाड़िया का सहयोग रहा।
कल भजनों की होगी अमृत वर्षा
मंडल के अनुसार अगले कार्यक्रम में रात्रि 9 बजे गणेश पूजन के बाद अष्ट प्रहर की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची सुमित अग्रवाल द्वारा 59वें प्रेम पुष्प भजन पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। नागपुर से प्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री निहारिका पुरोहित तथा स्थानीय मंडलियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।



