रांची: पेट्रोल पंपों पर यूपीआई से पेट्रोल खरीदने वाले ग्राहकों के लिए भुगतान पहले की तरह पूरी तरह मुफ्त रहेगा। ग्राहकों को केवल खरीदे गए पेट्रोल की कीमत चुकानी होगी, उन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों के लिए भी विशेष और रियायती एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) व्यवस्था की गई है, ताकि वे कम और तय लागत पर यूपीआई भुगतान स्वीकार करना जारी रख सकें।
2,000 रुपये तक शून्य एमडीआर
नई व्यवस्था के तहत 2,000 रुपये तक के ईंधन भुगतान पर एमडीआर शून्य रहेगा। यानी इस राशि तक के लेन-देन पर पेट्रोल पंप को कोई शुल्क नहीं देना होगा। आम तौर पर होने वाली ईंधन खरीद इसी दायरे में आती है, इसलिए पंप संचालकों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
उससे अधिक पर केवल 5 रुपये
वहीं, 2,000 रुपये से अधिक के ईंधन भुगतान पर केवल 5 रुपये का तय एमडीआर लगेगा। बिल की राशि कितनी भी हो, शुल्क 5 रुपये ही रहेगा। यानी 2,500, 5,000 या 10,000 रुपये के ईंधन भुगतान पर भी पंप को सिर्फ 5 रुपये एमडीआर देना होगा। राशि बढ़ने पर शुल्क नहीं बढ़ेगा।
अन्य माध्यमों से काफी कम
यह शुल्क क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और वॉलेट जैसे अन्य भुगतान माध्यमों पर आमतौर पर लगने वाले शुल्क की तुलना में काफी कम है। लागत कम और तय होने से पेट्रोल पंप संचालक यूपीआई भुगतान को बिना चिंता के स्वीकार करते रह सकेंगे, जबकि ग्राहकों को डिजिटल भुगतान की सुविधा पहले की तरह बिना किसी अतिरिक्त खर्च के मिलती रहेगी। इस व्यवस्था को ग्राहकों और पंप संचालकों, दोनों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े – रांची में होटल ही नहीं, अब फ्लैट भी शॉर्ट स्टे के लिए हो रहे बुक! सोसाइटी की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल



