राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नासरीगंज के मिथिला कॉलोनी मोड़ स्थित एक किराये के मकान में बिहार पुलिस के एएसआई (जमादार) ओमचंद्र ने अपनी 21 वर्षीय बहन गायत्री देवी को सर्विस पिस्टल से गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस के पहुंचने तक दोनों भाई-बहन की मौत हो चुकी थी।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम 8:30 से 9:00 बजे के बीच भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर ओमचंद्र ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पहले बहन की गर्दन में गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पूर्वी चंपारण में तैनात था मृतक सिपाही
मृतक सिपाही की पहचान ओमचंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई क्षेत्र का रहने वाला था और पूर्वी चंपारण जिले में तैनात था। वह कुछ दिनों की छुट्टी पर दानापुर स्थित किराये के मकान में आया हुआ था, जहां परिवार करीब एक साल से रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी बहन गायत्री देवी की शादी 2024 में हुई थी, लेकिन वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी, जिस वजह से भाई के साथ रह रही थी।
मौके से बरामद हुए हथियार और कारतूस
सिटी एसपी (पश्चिमी) संकल्प कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस पिस्टल, दो खोखे, दो मैगजीन, 33 जिंदा कारतूस और दो फायर किए गए बुलेट बरामद किए हैं। घटना के समय भाई-बहन का छोटा भाई घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों की मदद से मामले की गहन जांच कर रही है।
इसे भी पढ़े: पटना में 30 लाख कैश बरामदगी से खुला 3,000 करोड़ के हवाला नेटवर्क का राज



