रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली चुना भट्ठा निवासी राजा कुमार वर्मा की वियतनाम में सड़क हादसे में मौत हो गई। 26 वर्षीय राजा वियतनाम में योगा टीचर के तौर पर काम कर रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह एक निजी घर में योग की ट्रेनिंग देकर स्कूटी से अपने कार्यालय लौट रहे थे।

बताया गया कि लौटने के दौरान उनकी स्कूटी अचानक अनबैलेंस हो गई और एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
राजा कुमार वर्मा, उमेश कुमार वर्मा के पुत्र थे और रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के श्री नारायण प्रजापति पथ के रहने वाले थे। विदेश में काम कर रहे राजा की हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सोमवार तक रांची पहुंच सकता है पार्थिव शरीर
परिजनों के मुताबिक, राजा के पार्थिव शरीर को वियतनाम से रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि सोमवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर रांची पहुंच सकता है।
परिजन फिलहाल पार्थिव शरीर के रांची आने का इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े – केनरा बैंक: 70 CCTV कैमरों ने खोला डकैतों के भागने का रास्ता, परसुडीह तक पहुंची पुलिस की जांच


