रांची: सरायकेला-खरसावां के चांडिल में पुलिस ने गांजा के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो काड़ी पत्थर इलाके में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन किलो से अधिक गांजा और 5 लाख 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इलाके में बड़े स्तर पर गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी की।
भागने की कोशिश, पुलिस ने दोनों को पकड़ा
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक तुरहा और उसके बेटे अभिजीत तुरहा के रूप में हुई है। दोनों डोबो काड़ी पत्थर के रहने वाले बताए गए हैं।
गांजा के साथ पैकिंग और मापने का सामान भी मिला
पुलिस ने तलाशी के दौरान तीन किलो से अधिक गांजा और बानसी पुड़िया के अलावा गांजा मापने की मशीन और पैकिंग सामग्री भी बरामद की है। इसके साथ एक स्मार्टफोन और मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस बरामद नकदी और अन्य सामान के संबंध में भी जांच कर रही है।
NDPS एक्ट में केस, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने मामले में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े – झारखंड में डिजिटल हेल्थ की दिशा में बड़ा कदम, रांची में दो दिवसीय डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव शुरू


