धनबाद: वासेपुर के चर्चित गैंगस्टर फहीम खान के घर वर्ष 2004 में हुए AK-47 हमले के मामले में दोषी ठहराए गए तीन आरोपियों की सजा के बिंदु पर आज अदालत में सुनवाई होगी। सोमवार को अदालत ने शाहिद आलम, शहादत हुसैन और पटना के शूटर तनवीर आलम को दोषी करार दिया था। इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला 29 जनवरी 2004 का है। कमर मखदूमी रोड स्थित फहीम खान के घर पर AK-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। गोलीबारी के दौरान जान बचाने के लिए फहीम खान पड़ोसी की छत पर कूद गए थे। इस हमले में उनके बॉडीगार्ड विनोद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि फहीम के रिश्तेदार शाहिद के पैर में गोली लगी थी।
वारदात के बाद फरार अपराधियों में शामिल सुल्तान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। घटनास्थल से AK-47 की मैगजीन समेत हथियार और गोलियां बरामद किए जाने की बात सामने आई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान फहीम खान, उनके भाई नसीम खान उर्फ सानू समेत 18 लोगों ने अदालत में गवाही दी थी। अब दोषी ठहराए गए तीनों आरोपियों की सजा पर अदालत आज सुनवाई करेगी।
इसे भी पढ़े – सरायकेला में बैंक का ताला तोड़कर घुसे चोर, अंदर पहुंचने से पहले बज उठा सायरन


