सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग का रांची पहुंचने पर भव्य स्वागत
रांची। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली झारखंड की चारों खिलाड़ी रविवार को रांची लौटीं। भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खेलप्रेमियों और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
रांची लौटने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चारों खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का हालचाल जाना और अपने हाथों से उन्हें लड्डू खिलाकर जीत की खुशी साझा की। इस दौरान चारों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित भी किया गया।
खिलाड़ियों से जाना एशियन गेम्स का अनुभव
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ काफी आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की दिनचर्या, अभ्यास, खान-पान और आराम से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने यह भी जाना कि जापान में टीम की तैयारी किस तरह होती थी और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा।
उन्होंने खिलाड़ियों से अभ्यास के समय, यात्रा और प्रतियोगिता के दौरान उनकी तैयारियों के बारे में भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे सफर और लगातार प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ी फिलहाल थकी हुई हैं। ऐसे में अभी औपचारिक कार्यक्रमों के बजाय उन्हें आराम का समय दिया जाना जरूरी है। उन्होंने भविष्य में खिलाड़ियों के साथ अलग से समय बिताकर विस्तार से बातचीत करने की बात कही।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के परिवार और उनके खेल सफर के बारे में भी जानकारी ली। चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताई और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों का किया आत्मीय स्वागत
इस दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी चारों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की। रांची पहुंचने के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को सबसे पहले नारियल पानी पिलाया और लंबे सफर के बाद उनकी तबीयत और थकान के बारे में जानकारी ली।
कल्पना सोरेन ने खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ उनके पसंदीदा खान-पान और विदेशों में खेलने के अनुभवों पर भी बातचीत की। उन्होंने पूछा कि अब तक वे किन-किन देशों में खेल चुकी हैं और वहां उन्हें किस तरह के अनुभव मिले।
बातचीत के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के पदकों को भी देखा और उनके प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि झारखंड की इन खिलाड़ियों ने देश और राज्य का नाम रोशन किया है और उनकी सफलता पर पूरे राज्य को गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी होने पर सीधे संपर्क करने का भरोसा भी दिया।
चीन को हराकर भारत ने जीता था ऐतिहासिक स्वर्ण
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में 44 साल बाद स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस ऐतिहासिक टीम की कमान झारखंड की बेटी सलीमा टेटे के हाथों में थी। उनके अलावा झारखंड की निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। चारों खिलाड़ियों के योगदान ने झारखंड के खेल जगत को गौरवान्वित किया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की यह स्वर्णिम उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि इस जीत के साथ टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है।
खेल जगत की हस्तियां भी रहीं मौजूद
मुख्यमंत्री से खिलाड़ियों की मुलाकात के दौरान हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, डायरेक्टर जनरल विजय शंकर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच एवं झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार, निक्की प्रधान के छोटे भाई समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
एशियन गेम्स में झारखंड की चार बेटियों की इस उपलब्धि को राज्य के खेल जगत में बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। अब इन खिलाड़ियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।


