राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर रांची में आयोजित समारोह में सीएम ने केंद्र को दी दो टूक चेतावनी, 5941.86 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास।

रांची: झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के मौके पर राजधानी रांची में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड को उसका अधिकार चाहिए और इसके लिए सरकार किसी भी स्तर पर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड कोई भीख में मिला राज्य नहीं है। इसके निर्माण के पीछे यहां के पूर्वजों का लंबा संघर्ष और बलिदान रहा है। राज्य अपने अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर झारखंड को उसका वाजिब हक नहीं मिला, तो कानूनी लड़ाई के साथ राजनीतिक स्तर पर भी आर-पार का संघर्ष किया जाएगा।
5941.86 करोड़ की योजनाओं की मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल 5941.86 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 3155.73 करोड़ रुपये की पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 2786.13 करोड़ रुपये की नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी और मूलवासी समुदाय के विकास को प्राथमिकता दे रही है। राज्य में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
वीर पुलिसकर्मियों और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का परिचय देने वाले पुलिस पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री पदक प्रदान किया। इसके अलावा मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मंच पर मौजूद रहे सरकार और गठबंधन के कई बड़े नेता
कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद और डॉ. इरफान अंसारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की मेयर रोशनी खलखो, कांग्रेस विधायक ममता देवी समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने समारोह के माध्यम से राज्य के विकास, आत्मनिर्भरता और अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।


