रांची: सोशल मीडिया की दुनिया में वायरल होने के लिए बड़े शहर, महंगे स्टूडियो और डिजाइनर बैकग्राउंड की जरुरत नहीं है इसी बात को एक बार फिर से झारखंड के निशांत केरकेट्टा साबित कर दिया है। खेत, गांव का घर, मिट्टी और ग्रामीण जिंदगी को बैकग्राउंड बनाकर फैशन के साथ उनका एक्सपेरिमेंट इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।
निशांत की खासियत सिर्फ उनका पहनावा नहीं, बल्कि खेती और फैशन का वह कॉन्ट्रास्ट है, जो उनकी तस्वीरों और रील्स को बाकी फैशन कंटेंट से अलग बनाता है। एक तरफ वह खेत में काम करते नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर उसी ग्रामीण माहौल में शर्ट, टाई, कोट, बूट्स, सनग्लास और घड़ी के साथ उनका लुक किसी फैशन शूट से कम नहीं लगता।
‘गांव के लड़के फैशन नहीं कर सकते’… और फिर बदल गया पूरा सीन
निशांत की एक चर्चित रील में “Gaon ke ladke can’t dress well” का कॉन्सेप्ट दिखाई देता है। इसके बाद उनका पूरा लुक सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचता है।
सफेद शर्ट, डेनिम, टाई, लॉन्ग कोट, बूट्स और सनग्लास के साथ निशांत का अंदाज इस रील में बिल्कुल अलग नजर आया। खास बात यह रही कि इसके लिए उन्होंने किसी बड़े शहर या लग्जरी लोकेशन का सहारा नहीं लिया बल्कि उनके पीछे वही ग्रामीण परिवेश था, जिसे आमतौर पर फैशन शूट का हिस्सा नहीं माना जाता।
यही गांव बनाम हाई-फैशन वाला कॉन्ट्रास्ट उनकी सोशल मीडिया पहचान बनता गया।
खेत में नंगे पैर से लेकर मॉडल लुक तक
निशांत के कंटेंट का एक और पहलू लोगों को खास आकर्षित कर रहा है। उनकी रील्स में खेती और फैशन एक साथ दिखाई देते हैं। धान के खेत में काम करते निशांत और अगले ही पल उसी ग्रामीण माहौल में बेहद सलीके से तैयार उनका लुक , यह बदलाव उनके वीडियो का आकर्षण केंद्र बन गया।
उनके फैशन में ओवरसाइज शर्ट, वाइड-लेग ट्राउजर, लॉन्ग कोट, बूट्स, घड़ी और सनग्लास जैसे एलिमेंट नजर आते हैं। उनका स्टाइल किसी एक ट्रेंड की नकल से ज्यादा अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
‘Aura Farmer’ नाम से भी बुलाने लगे यूजर्स
निशांत की लोकप्रियता बढ़ने के साथ सोशल मीडिया पर उन्हें “Aura Farmer” जैसे नाम भी मिलने लगे। उनके वीडियो पर यूजर्स ने उनके लुक, आत्मविश्वास और खेती से जुड़े अंदाज को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं दीं।
उनकी वायरलिटी का एक बड़ा कारण यही है कि वह खुद को सिर्फ फैशन क्रिएटर के रूप में पेश नहीं करते। उनकी ग्रामीण पृष्ठभूमि उनके कंटेंट का हिस्सा बनी हुई है।
बॉलीवुड तक पहुंचा निशांत का स्टाइल
निशांत के वायरल कंटेंट की चर्चा सोशल मीडिया से आगे बढ़कर फिल्म और फैशन जगत तक पहुंची। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूमि पेडनेकर, शिबानी दांडेकर और अनुषा दांडेकर जैसे चर्चित चेहरों की ओर से भी उनके पोस्ट पर प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा ” क्या बात है ” , तो वहीं शिबानी दांडेकर ने लिखा loving the style .
इससे निशांत का कंटेंट और ज्यादा चर्चा में आया और झारखंड के इस युवा का नाम देशभर के सोशल मीडिया यूजर्स तक पहुंचने लगा।
गांव को बनाया अपना फैशन स्टूडियो
निशांत केरकेट्टा की कहानी इसलिए अलग है क्योंकि उन्होंने फैशन के लिए अपने गांव को छोड़ने के बजाय गांव को ही अपना फैशन स्टेज बना दिया।
जहां एक ओर खेत उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं, वहीं दूसरी ओर वही खेत कैमरे के सामने उनके फैशन कंटेंट का बैकग्राउंड बन जाते हैं। शायद यही सादगी और स्टाइल का मेल सोशल मीडिया यूजर्स को इतना पसंद आ रहा है।
झारखंड के खेतों से निकला यह नया ‘फैशन फेस’ फिलहाल Instagram पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अब देखना यह है कि निशांत का यह देसी अंदाज सोशल मीडिया की वायरल दुनिया में कितनी दूर तक जाता है।
इसे भी पढ़े : ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की नई तारीख जारी, अब 31 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन


