Friday, November 13

‘रन फॉर आशा’ अभियान के तहत ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन ने पूरी की लद्दाख से रांची तक की यात्रा, झारखंड के बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जुटा रहे है सहयोग

Ad debug output

The ad is not displayed on the page

current post: एक एहसान जो 32 साल बाद भी याद रहा... लद्दाख से 2600 KM दौड़कर रांची पहुंचे स्वीडन के धावक, ID: 14345

Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)

Find solutions in the manual

 

रांची: कभी हिमालय में एक भारतीय की निस्वार्थ मदद ने स्वीडन के एक व्यक्ति (ब्योर्न स्वेन्सन) की जिंदगी बदल दी थी। उस मदद को ब्योर्न स्वेन्सन 32 साल बाद भी नहीं भूले हैं। इसी एहसान और इंसानियत के प्रति आभार जताने के लिए स्वीडन के दो धावक करीब 2,600 किलोमीटर की दूरी दौड़ कर पूरी कर गुरुवार (12 नवंबर) शाम रांची पहुंचे।

 

ब्योर्न स्वेन्सन और उनकी साथी क्रिस्टीना पाल्टेन ने ‘रन फॉर आशा’ अभियान के तहत 30 अगस्त को लद्दाख से अपनी यात्रा शुरू की थी। करीब ढाई महीने तक चले इस सफर में दोनों ने पहाड़ी दर्रों, बर्फीले रास्तों, कीचड़ और कई दुर्गम इलाकों को पार किया। रांची पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।

 

1994 में तेनजिंग ने बचाई थी ब्योर्न की जान

 

इस पूरी यात्रा के पीछे 1994 की एक घटना है। उस समय ब्योर्न हिमालय में ट्रेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वह एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए और उनके लिए चलना मुश्किल हो गया।

 

ऐसे मुश्किल वक्त में तेनजिंग नाम के एक भारतीय पोर्टर ने उनकी मदद की। वह ब्योर्न को दो दिनों तक अपनी पीठ पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक ले गए। बाद में ब्योर्न ने उन्हें मदद के बदले पैसे देने चाहे, लेकिन तेनजिंग ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्होंने यह मदद पैसों के लिए नहीं की थी।

तेनजिंग की इसी निस्वार्थ मदद ने ब्योर्न पर गहरा प्रभाव डाला। इसके बाद उनका भारत से एक भावनात्मक जुड़ाव बन गया।

 

खूंटी के बच्चों के लिए शुरू किया अभियान

 

करीब आठ साल पहले ब्योर्न झारखंड के खूंटी पहुंचे थे। यहां उनकी मुलाकात ‘आशा‘ संस्था से जुड़ी कुछ लड़कियों से हुई। संस्था के काम को देखकर वह काफी प्रभावित हुए और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सहयोग करने का फैसला किया।

 

अब ‘रन फॉर आशा‘ अभियान के जरिए वह झारखंड के बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर अवसर जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य आशा संस्था के सामाजिक कार्यों को सहयोग देना है।

 

रास्ते में खुद ही धकेलते रहे सामान से भरी गाड़ी

 

लद्दाख से रांची तक का करीब 2,600 किलोमीटर का सफर आसान नहीं था। दोनों धावकों ने अपनी जरूरत का सामान एक रनिंग कार्ट में रखा था, जिसे वे खुद धकेलते हुए आगे बढ़ते रहे।

इस दौरान उन्होंने रोहतांग पास जैसे ऊंचे पहाड़ी दर्रों को पार किया। ठंड, बर्फ और कीचड़ भरे रास्तों के अलावा कई चुनौतियों का सामना किया। रास्ते में गाड़ी का पंचर ठीक करना, खुले में खाना बनाना और टेंट में रात बिताना भी उनकी यात्रा का अहम हिस्सा रहा।

 

इस अभियान में शामिल क्रिस्टीना पाल्टेन का भी लंबा धावक अनुभव रहा है। वह इससे पहले ईरान में करीब 1,840 किलोमीटर की अकेले दौड़ और तुर्की से फिनलैंड तक करीब 3,262 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुकी हैं।

 

क्या काम करती है आशा संस्था ?

 

आशा संस्था झारखंड में महिलाओं, बच्चों और कमजोर समुदायों के लिए काम करती है। संस्था डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा रोकने, मानव तस्करी और असुरक्षित पलायन के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ बाल विवाह रोकने की दिशा में भी काम करती है।

 

संस्था रांची, सरायकेला और खूंटी में तीन मौसमी छात्रावास संचालित करती है। इनमें ईंट-भट्ठों में काम करने के लिए पलायन करने वाले परिवारों के करीब 200 बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं। इसके अलावा संस्था 150 से अधिक लड़कियों को बाल विवाह से बचाने में मदद कर चुकी है।

रांची पहुंचने के बाद दोनों धावकों का शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे भुसुर स्थित आशा संस्था के कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होंगे और फिर खूंटी जाएंगे।

Share.
Next Story
झारखंड स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक होंगे भव्य आयोजन, खेलगांव में होगा मुख्य समारोह
Exit mobile version