झारखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-49 स्थित जामशोला चेकनाका के पास वाहन जांच के दौरान 44 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में ओडिशा के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जामशोला चेकनाका के पास विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा नंबर की एक सफेद रंग की महिंद्रा जाइलो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में कुछ असामान्य नजर आया। जांच करने पर पता चला कि डिक्की की बॉडी काटकर उसके भीतर सुरंगनुमा गुप्त जगह बनाई गई थी।
गुप्त तहखाने में छिपाकर रखे थे गांजे के 44 पैकेट
दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब कार की बारीकी से जांच की गई, तो गुप्त स्थान से एक-एक किलो के 44 पैकेट गांजा बरामद हुए। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कार की बनावट में बदलाव कर गांजे को छिपाने का इंतजाम किया था। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही जाइलो कार, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और 20,760 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
ओडिशा से गांजा लाकर बंगाल में करते थे सप्लाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के संबलपुर जिले के नकटीडोल थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय भावग्राही साहु और 50 वर्षीय ध्रुब चरण बेहरा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ओडिशा के फूलबनी इलाके से गांजा लाकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर समेत अन्य स्थानों पर इसकी बिक्री करते थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी।


